रांची : झारखंड में चंपाई सोरेन सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार शुक्रवार को हुआ। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने 8 नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्मयंत्री चंपाई सोरेन के साथ मंत्री आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता मौजूद थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी शपथग्रहण समारोह के दौरान राजभवन में मौजूद थे। शपथग्रहण अपने तय समय 4 बजे से करीब आधे घंटे विलंब से चाढ़े चार बजे शुरू हुआ।

जेएमएम की ओर से बसंत सोरेन, मिथिलेश ठाकुर, दीपक बरूवा, बेबी देवी और हफीजुल हसन ने मंत्री पद की शपथ ली। वही कांग्रेस की ओर से बन्ना गुप्ता , रामेश्वर उरांव और बादल पत्रलेख ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथग्रहण से ठीक पहले बैद्यनाथ राम मंत्री बनने से चूक गए। उनका नाम राजभवन से आये सूची में तो था लेकिन शपथ लेते समय उनका नाम गायब हो गया। अंतिम समय में उनको बाहर कर दिया गया। इसको लेकर अबतक कोई प्रतिक्रिया न तो जेएमएम की ओर से न ही बैद्यनाथ राम की ओर से आ पाई है।






